Hindi News / जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग मामले पर बवाल,भारी पुलिस बल तैनात

निरसा : जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग मामले पर बवाल,भारी पुलिस बल तैनात

Edited By:  |
nirsa

निरसा:जवाहर नवोदय विद्यालय में कथित रैगिंग और छात्र के साथ मारपीट मामले को लेकर शुक्रवार को विद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई. हालात को देखते हुए विद्यालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई.

मौके पर निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) लीलेश्वर महतो और निरसा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अजीत भारती पूरे दलबल के साथ पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर मामले की जांच में जुट गए. वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी की टीम भी विद्यालय पहुंचकर घटना से जुड़े छात्रों,शिक्षकों एवं प्रबंधन से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक विद्यालय पहुंच गए.आक्रोशित लोगों ने विद्यालय का गेट खुलवाकर परिसर में प्रवेश किया और जमकर हंगामा किया. अभिभावकों ने कहा कि यदि विद्यालय में इस तरह की घटनाएं होती रही तो बच्चों की सुरक्षित पढ़ाई संभव नहीं है. उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी ग्रामीणों और अभिभावकों को विद्यालय परिसर से बाहर निकाला. फिलहाल पुलिस, शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन के बीच लगातार वार्ता जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं,बीडीओ-सीओ को ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में आने से रोक दिया. काफी समझाने के बाद फिर बीडीओ व सीओ अंदर प्रवेश किए.