निकाय चुनाव की प्रचार तेज : चास नगर निगम के मेयर प्रत्याशी गोपाल मुरारका ने जनता से किए तमाम वादे
बोकारो:चास नगर निगम चुनाव में प्रचार-प्रसार के लिए अब शेष दो दिन शेष रह गए हैं. ऐसे में सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रहे हैं. इसी कड़ी में मेयर प्रत्याशी समाजसेवी गोपाल मुरारका ने गुजरात कॉलोनी, कमलडीह समेत विभिन्न वार्डों में समर्थकों के साथ घर-घर जाकर कैंपेनिंग की.
मेयर पद के प्रत्याशी गोपाल मुरारका ने कहा कि जनता उनके द्वारा किए गए कार्यों को भली-भांति जानती है और उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में कोई विकास नहीं हुआ है. यदि वास्तविक विकास हुआ होता तो वार्डों में पानी, नाली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं से लोग परेशान नहीं होते.
उन्होंने यह भी कहा कि कई प्रत्याशी जो मेनिफेस्टो जारी कर रहे हैं, वह सिर्फ जनता को भ्रमित करने के लिए है. यदि पहले से वादों के अनुरूप काम हुआ होता तो शहर की स्थिति ऐसी नहीं होती. साथ ही उन्होंने जात-पात की राजनीति को गलत बताते हुए कहा कि समाज को बांटने की कोशिश उचित नहीं है. उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा किवह पहले भी काम किये हैं और आगे भी करते रहेंगे. जो लोग बिना काम किए सिर्फ वादे कर रहे हैं, उन्हें पहले जमीन पर काम करना चाहिए, फिर जनता के बीच आना चाहिए.