Hindi News / पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने लिया फैसला,अब CBI करेगी जांच

नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द : पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने लिया फैसला,अब CBI करेगी जांच

Edited By:  |
neet ug 2026 pariksha radd

पटना:नीट यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए परीक्षा रद्द कर दी है. यह परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन बाद में कई राज्यों से पेपर लीक और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई. परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों में भारी नाराजगी है.राजस्थान एसओजी की जांच में दावा किया गया है कि वायरल “गेस पेपर” के 100 से ज्यादा सवाल असली परीक्षा से मेल खाते थे. इसके बाद मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया.

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं. इसी कारण परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने का निर्णय लिया गया. सरकार ने पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है. NTA ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को नया आवेदन नहीं करना होगा. पुराने आवेदन मान्य रहेंगे और नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी.

जांच एजेंसियों ने राजस्थान, उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में छापेमारी की है. अब तक कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है.

छात्रों का कहना है कि उन्होंने महीनों मेहनत की, लेकिन पेपर लीक ने उनके भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए. कांग्रेस नेताराहुल गांधीने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों का भरोसा टूट गया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.