नीट पेपर लीक के विरोध में संग्राम : धनबाद में छात्रों के समर्थन में उतरे कांग्रेसी,जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज का विरोध
धनबाद: नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना देकर विरोध जताया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग,दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की.
पत्रकारों से बातचीत में जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे. उन्होंने आरोप लगाया है कि नीट परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में विफल रही है और छात्रों का भरोसा लगातार टूट रहा है.
वहीं, जिला प्रभारी शकील अहमद ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र लंबे समय से परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे. उन्होंने आरोप लगाया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया,जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है.
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आदित्य आनंद ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है.छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.केन्द्र सरकार को अभिलंब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेना चाहिए
आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाती रहेगी.