Hindi News / सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर अजय महतो दस्ते के सदस्य को मार गिराया

चाईबासा के जंगलों में मुठभेड़ : सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर अजय महतो दस्ते के सदस्य को मार गिराया

Edited By:  |
naxali abhiyan me mili badi kamyabi

चाईबासा:पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार सुबह से चल रहे नक्सली अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. कोबरा 209 बटालियन और अन्य सुरक्षाबलों के संयुक्त अभियान में एक माओवादी को मार गिराया गया है. मारा गया नक्सली कमांडर अजय महतो के दस्ते का सदस्य बताया जा रहा है. घटनास्थल से हथियार, गोला-बारूद और कई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है. फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और जंगल क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके.

सूत्रों के अनुसार,रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के आस-पास के इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. यह अभियान विशेष रूप से कुख्यात और एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा की तलाश में केंद्रित था. बुधवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे जब सुरक्षाबल जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी उनका माओवादियों से आमना-सामना हो गया. इसके बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी शुरू हो गई. काफी देर तक चली मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में एक माओवादी को मार गिराया.

पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि अभियान अभी भी जारी है और सुरक्षाबल पूरी तरह सतर्क हैं. उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों और सामग्री की जांच से माओवादी नेटवर्क, उनकी गतिविधियों और आगामी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है.

गौरतलब है कि हाल ही में गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या की घटना सामने आई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि माओवादी संगठन सारंडा के जंगलों से निकलकर कोल्हान क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर अभियान तेज कर दिया था. यह मुठभेड़ उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.