नशे में धुत सरकारी बाबू : गढ़वा में प्रखंड कार्यालय बना शराब का अड्डा,सरकारी कर्मियों के अभद्र भाषा का वीडियो वायरल
गढ़वा:जिले के केतार प्रखंड कार्यालय में सरकारी बाबू द्वारा नशे में धुत होकर दफ्तर आने का मामला उजागर हुआ है. प्रखंड कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब कार्यालय परिसर में कार्यरत कुछ कर्मी कथित रूप से शराब के नशे में हंगामा करने लगे. वीडियो और ऑडिया क्लिप में अभद्र भाषा प्रयोग करने का भी खुलासा हुआ है. मामला संज्ञान में आने के बाद बीडीओ ने सभी कर्मियों का मेडिकल जांच कराया. सबंधित कर्मियों का ब्लड सैंपल लिया गया है.
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
सरकारी कर्मी की ये हरकत ना सिर्फ प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए है बल्कि आम लोगों में भी आक्रोश है.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिपिक जितेंद्र कुमार, जनसेवक नीरज सिंह और अंचल कर्मचारी राजेश त्रिपाठी नशे की हालत में कार्यालय परिसर में जोरदार तरीके से हंगामा करने लगे. स्थिति उस वक्त और बिगड़ गई जब लिपिक जितेंद्र कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार के साथ कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे. यह पूरा घटनाक्रम करीब दो घंटे तक चलता रहा,जिससे कार्यालय का माहौल पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया.
नशे में घटनाक्रम का वीडियो कैद
प्रखंड कार्यालय में आए दिन लोगों का आना-जाना लगा रहता है. यह दफ्तर किसी प्रशासनिक केंद्र की बजाय शराबियों का अड्डा बनने लगा है. इस बीच अपने काम से कार्यालय पहुंचे कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी जा रही है. लोगों का कहना है कि जहां से विकास योजनाओं का संचालन होता है, वहां इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.