Hindi News / जमशेदपुर में 39 लाख की डुप्लीकेट सिगरेट की खेप बरामद, 2गिरफ्तार

अवैध कारोबार पर शिकंजा : जमशेदपुर में 39 लाख की डुप्लीकेट सिगरेट की खेप बरामद, 2गिरफ्तार

Edited By:  |
nakli cigratte k awaidh karobar par sikanja

जमशेदपुर: पुलिस ने नकली सिगरेट के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. लगभग 39 लाख रुपये के डुप्लीकेट सिगरेट की खेप बरामद की है.मानगो थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि इस पूरे रैकेट के तीन कथित संचालक अब भी फरार है. पुलिस का दावा है कि यह नकली सिगरेट शहर की विभिन्न दुकानों में सप्लाई की जा रही थी.

मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 में पुलिस की कार्रवाई

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-1 ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे ग्राहक बनकर जाल बिछाया. इस दौरान स्कूटी से नकली सिगरेट की सप्लाई करने पहुंचे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है.तलाशी में उनके पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद हुई है.

आरोपियों ने किया पूरे रैकेट का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे कपाली के इस्लामनगर स्थित एक गोदाम से नकली सिगरेट लाकर शहर की दुकानों में सप्लाई करते थे. इसके बाद पुलिस ने गोदाम पर छापेमारी की,जहां 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45 हजार 600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद किए गए. जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम के रूप में हुई है. वहीं, गोदाम संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज फरार हैं,जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इस मामले में मानगो थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.