नगर निगम चुनाव : देवघर में चुनाव चिन्ह आवंटित होते ही बढ़ी सरगर्मी,मेयर पद के प्रत्याशी ने चलाया जनसंपर्क अभियान
देवघर:नगर निगम चुनाव में अब महज कुछ ही दिन बच गे है. प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित होते ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इसी क्रम में मेयर पद के सभी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत के साथ प्रचार अभियान में जुट गए हैं. मेयर पद के प्रत्याशी नागेंद्र नाथ बलियासे उर्फ बाबा बलियासे ने शहर के प्रमुख इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया.
बाबा बलियासे ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर, अंबे गार्डन एवं सत्संग आश्रम क्षेत्र में घर-घर और गली-मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए अपना चुनाव चिन्ह भी बताया. लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील की.
प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. जगह-जगह मिल रहे समर्थन से यह साफ संकेत मिल रहा है कि बाबा बलियासे के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है. समर्थकों का कहना है कि उनके जमीनी जुड़ाव और सरल व्यवहार के कारण जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है.