मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पाकुड़ दौरा : तीनों विधानसभा में के.रवि कुमार ने घर-घर जाकर की दस्तावेज जांच,ताकि SIR में नहीं छूटे कोई मतदाता
पाकुड़: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार बुधवार को पाकुड़ दौरा पर रहे. पाकुड़ और लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया.मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की प्रगति और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने नो मैप वाले मतदाताओं के घर-घर जाकर उनके दस्तावेजों की जांच की.उन्होंने मतदाताओं से आवश्यक कागजात के संबंध में जानकारी ली और दस्तावेजों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से SIR कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्य में पूरी गंभीरता बरती जाए.कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे,इसे सुनिश्चित करने के लिए लगातार सत्यापन किया जा रहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाना है. इस दौरान पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन समय पर पूरा हो,इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है.