मेडिकल कॉलेज निर्माण की तैयारी तेज : धनबाद सदर अस्पताल की 20 एकड़ से हटेगा अतिक्रमण,सीओ ने किया निरीक्षण
धनबाद:सदर अस्पताल परिसर में नया मेडिकल कॉलेज बनाने की तैयारी तेजी से चल रही है. इसी कड़ी में अस्पताल की 20 एकड़ जमीन पर से अवैध कब्जा हटाने और बाउंड्री वॉल बनाने का काम प्रशासन द्वारा शुरू कर दिया गया है.
अस्पताल की जमीन से हटेगाअवैध कब्जा
धनबाद सीओ राम प्रवेश कुमार सदर अस्पताल के जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के तहत जमीन का निरिक्षण करने पूरी टीम के साथ पहुंचे. निरीक्षण के दौरान सीओ राम प्रवेश कुमार ने बताया कि अस्पताल की जमीन पर कई लोगों ने अवैध रूप से मकान बनाकर कब्जा कर रखा है. प्रशासन को सदर अस्पताल की जमीन से अतिक्रमण हटाने का आदेश प्राप्त हुआ है,जिसके तहत कार्रवाई की जा रही है.जमीन का सीमांकन और अतिक्रमण की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है.
प्रशासन से वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग
वहीं, दूसरी ओर सरकारी जमीन पर रह रहे लोगों का कहना है कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा ठिकाना नहीं है. स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन से पहले वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि पुनर्वास के बाद ही वे यहां से हटेंगे. इधर,स्थानीय कुमार आलोक ने इसी सदर अस्पताल कैंपस में एक 5 कट्ठा के प्लॉट को अपना बताया है और आज सीओ के निरीक्षण के दौरान कागजातों के साथ भी पहुंचे. सीओ ने उन्हें कागजातों के साथ कार्यालय बुलाया है.
सदर अस्पताल की क्षमता 150 से बढ़कर 420 बेड हो जाएगी
भविष्य में इस परिसर में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है. मेडिकल कॉलेज के बनने के बाद सदर अस्पताल की क्षमता 150 से बढ़कर 420 बेड हो जाएगी. इसे लेकर परिसंपत्तियों को सुरक्षित करने के लिए खाली जमीनों से पुरानी इमारतों व अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया की जा रही है.