मंदिर में अभद्र हरकत : भगवान राम-सीता के खिलाफ लिखने पर भड़का आक्रोश,पुलिस छावनी में तब्दील
चतरा:जिले के वशिष्टनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दंतार गांव में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मकसद से गंभीर घटना को अंजाम दिया गया है. जब स्थानीय ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर की दीवार पर भगवान राम और माता सीता के खिलाफ अभद्र भाषा लिखा हुआ देखा. यह दृश्य देखते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. इस घटना सेआक्रोशित हिंदू समाज के लोगों ने विरोध स्वरूप बाजार की दुकानों को बंद करा दिया.
प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
लोगों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. सूचना मिलते ही वशिष्टनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह और सीओ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए मंदिर की दीवार पर लिखी आपत्तिजनक भाषा को तुरंत हटाया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है.
दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर सख्त चेतावनी
घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है. इससे पहले भी मंदिर को निशाना बनाकर अभद्र हरकत की जा चुकी है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इस बार लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक बाजार बंद रहेगा. फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच में जुट गई है.