महिला सीओ की दबंगई : युवक पर भांजी लाठी,वीडियो वायरल होने के बाद गरमाई राजनीति

Edited By:  |
mahila co ki dabangai

चतरा:जिले केइटखोरी प्रखंड की अंचल अधिकारी सविता सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में सीओ सविता सिंह हाथ में पुलिस की लाठी लेकर एक युवक के साथ मारपीट और उसे गाली गलोज करते नजर आ रहीं हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 20 फरवरी का है, जब इटखोरी महोत्सव का आयोजन हो रहा था. दो पुलिस वाले एक टोपी पहने शख्स को पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास कर रहे हैं. जबकि, महिला अधिकारी सविता सिंह उस युवक पर पीछे से वार कर रही हैं. साथ ही पुलिस वाले उनके साथ धक्का मुक्की कर रहे हैं. लाठी डंडे से मारने के बाद दबंग सीओ उंगली दिखाकर धमकाते हुए भी दिख रही हैं.

प्रशासन और सरकार पर उठ रहे सवाल

इधर, अंचलाधिकारी द्वारा युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है. वायरल वीडियो में अंचलाधिकारी सविता सिंह एक युवक को लाठी से मारते हुए दिखाई दे रही हैं, जिसे लेकर अब प्रशासन और सरकार पर सवाल उठने लगे हैं.

झारखंड में अधिकारी बेलगाम

यह वीडियो अब राजनीतिक एंगल ले ली है. इस मामले पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में अधिकारी पूरी तरह से बेलगाम हो चुके हैं और प्रशासनिक व्यवस्था पर सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ता नजर आ रहा है.बाबूलाल मरांडी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक तौर पर दंडित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी इस तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत न करे. उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है, चाहे वह अधिकारी ही क्यों न हो.

सुनिए सीओसविता सिंह की सफाई

वीडियो वायरल होने के बाद अंचलाधिकारी सविता सिंह ने पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है. उन्होंने कहा कि यह घटना पूरी तरह से ऑन ड्यूटी हुई है. उस समय वे विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भद्रकाली मंदिर के बाहर गश्ती कर रही थीं. नशे में धुत दो युवक वहां उत्पात मचा रहे थे और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने बताया कि जब उनकी गाड़ी वहां पहुंची तो युवकों ने गाड़ी में टक्कर मार दी. इसके बाद जब वे गाड़ी से उतरकर उनसे पूछताछ करने लगीं तो दोनों युवकों ने दुर्व्यवहार किया और गालियों का प्रयोग करने लगे.

दोनों युवकों पर धमकी देने का आरोप

सीओ ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान यह घटना हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों युवकों को हिरासत में लेने के बाद उन्होंने जेल से लौटकर देख लेने की धमकी दी है.