लोहरदगा में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम : देशी पिस्टल और चार कारतूस के साथ दो गिरफ्तार,एक फरार
लोहरदगा:लोहरदगा पुलिस ने एक संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल करते हुए अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके कब्जे से देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, एक मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है. वहीं, एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया,जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस की गठित टीम ने किया नाकाम
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में सवार कुछ लोग सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल लोहरदगा थाना की विशेष टीम गठित की गई. टीम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक रविरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अशर्फी बहेलिया, चन्द्रदीप मेहता, रमेश कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
पुलिस कीतत्परता आपराधिक घटनाओं कोरोका
करीब 12 बजे पुलिस टीम सोबरनटोली क्षेत्र में पहुंची. इस दौरान सूचना के अनुरूप एक कार आती दिखाई दी. पुलिस वाहन को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति दरवाजा खोलकर गलियों की ओर भाग निकला.पुलिस ने उसका पीछा किया,लेकिन वह फरार होने में सफल रहा. इसी बीच कार चालक वाहन को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा,लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया.
कार की तलाशी लेने परदो व्यक्तियों की हुई पहचान, एक फरार
कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो व्यक्तियों की पहचान हुसैन अंसारी (36 वर्ष), ग्राम लोंगा, थाना भरनो, जिला गुमला और अजय साहू (30 वर्ष), बीआईडी प्रेमनगर, लोहरदगा के रूप में हुई। पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान संजय लोहरा, ग्राम लोंगा, थाना भरनो के रूप में हुई. तलाशी के दौरान अजय साहू के पास से 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, एक मैगजीन तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इनमें तीन कारतूस 7.65 एमएम और एक कारतूस 7.62 एमएम का है. इसके अलावा एक मोबाइल और अल्टो कार (पंजीकरण संख्या JH-07B-7575) भी जब्त कर लिया गया है.
तीनों मिलकर हत्या की रची थी साजिश
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीनों मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बनाकर निकले थे,लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.जबकि फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है.इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपियों काआपराधिक इतिहास भी रहा
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अजय साहू और फरार संजय लोहरा का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क, हथियार की खरीद-फरोख्त और घटना के संभावित उद्देश्य की गहन जांच कर रही है.पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक संभावित गंभीर आपराधिक घटना टल गई.