लोहरदगा : आंदोलनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और उनकी मांगों की अनदेखी के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन, आगजनी
लोहरदगा:भारतीय जनता पार्टी द्वारा आंदोलनकारी छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और उनकी मांगों को पूरा नहीं किए जाने के विरोध में आहूत झारखंड बंद का असर लोहरदगा में भी देखने को मिला. सुबह से ही बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और विभिन्न चौक-चौराहों पर प्रदर्शन कर बंद को सफल बनाने का प्रयास किया. इस दौरान कई स्थानों पर टायर जलाकर आगजनी की गई और सड़कों पर प्रदर्शन कर आवागमन प्रभावित किया गया. बंद के कारण बाजारों में आंशिक असर देखा गया और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान एहतियात के तौर पर बंद रहे.
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय उन पर बल प्रयोग कर रही. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे सरकार का छात्र विरोधी चेहरा सामने आया है.
राज्य सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के जिला अध्यक्ष अजय पंकज ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है.उन्होंने आरोप लगाया है कि रोजगार, परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर छात्र लंबे समय से अपनी मांग उठा रहे हैं,लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय पुलिस के माध्यम से दमनात्मक कार्रवाई कर रही. उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बीजेपी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता,तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
युवाओं के भविष्य के साथखिलवाड़ नहीं की जाएगी बर्दाश्त
जिलाध्यक्ष अजय पंकज ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बीजेपी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने,लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने और उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है. उन्होंने कहा कि झारखंड बंद को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है,जो सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी को दर्शाता है.
राज्य के युवा रोजगार,पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए चिंतित
वहीं,बीजेपी नेता अनिल उरांव ने कहा कि यह बंद किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं,बल्कि छात्रों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए बुलाया गया है. उन्होंने कहा कि राज्य के युवा रोजगार,पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं,लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों की आवाज बुलंद करती रहेगी और सरकार को उनकी मांगें माननी होगी.
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन सतर्क
बंद के मद्देनजर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. विभिन्न चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का प्रयास किया. हालांकि प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सड़क यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में प्रशासन की पहल पर आवागमन सामान्य होने लगा.
झारखंड बंद को लेकरराजनीतिक गतिविधियां तेज
फिलहाल,झारखंड बंद को लेकर पूरे जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज रही. बीजेपी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि छात्रों की मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार नहीं करती है तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा.वहीं, प्रशासन ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।