Hindi News / चंडीगढ़ से बिहार जा रही 80 लाख की अवैध शराब जब्त,बिहार पहुंचते ही...

लोहरदगा : चंडीगढ़ से बिहार जा रही 80 लाख की अवैध शराब जब्त,बिहार पहुंचते ही कीमत हो जाती दो करोड़

Edited By:  |
lohardaga

लोहरदगा:कुड़ू थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही शराब की बड़ी खेप बरामद की है. पुलिस ने धान की भूसी लदे मालवाहक ट्रक से करीब 790 पेटी अवैध शराब जब्त की है. बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है,जबकि बिहार पहुंचने के बाद इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये होने का अनुमान है. पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है.

पुलिस के अनुसार,पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब के चंडीगढ़ से चंडीगढ़ में निर्मित और फोर सेल चंडीगढ़ लिखी शराब की बड़ी खेप मालवाहक ट्रक में लोडकर रांची के रास्ते बिहार भेजी जा रही. शराब तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक के ऊपर धान की भूसी लोड कर रखी थी,ताकि बाहर से देखने पर ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन नजर आए.

गुप्त सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बुधवार सुबह करीब आठ बजे थाना के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान करीब नौ बजे संदिग्ध मालवाहक ट्रक पीबी 13 बीएस 0280 कुड़ू थाना क्षेत्र से गुजर रहा था। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन को मुख्य मार्ग से हटाकर बाईपास रोड की ओर मोड़ दिया और लोहरदगा की तरफ भागने लगा.

पुलिस ने तत्काल ट्रक का पीछा शुरू किया. पुलिस टीम को पीछे आते देख चालक कुड़ू थाना से करीब चार किलोमीटर दूर जीमा चौक स्थित पेट्रोल पंप के समीप ट्रक खड़ा कर दिया और मौका देखकर पास के मक्का खेत की झाड़ियों की तरफ भाग निकला. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक की काफी खोजबीन की, लेकिन वह खेतों के रास्ते फरार होने में सफल रहा.

इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना लाया। ट्रक में ऊपर से धान की भूसी लदी हुई थी. पुलिस ने जब भूसी को हटाकर ट्रक के डाला की जांच की तो उसके अंदर शराब की पेटियां देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. तलाशी के दौरान कुल 790 पेटी अवैध शराब बरामद की गई.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश होते हुए गढ़वा के रास्ते कुड़ू पहुंची थी.इसके बाद इसे रांची ले जाया जाना था। रांची में किसी गोदाम में शराब की खेप को उतारने के बाद बिहार के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति किए जाने की योजना थी। पुलिस के अनुसार, शराब चंडीगढ़ में अपेक्षाकृत कम कीमत पर खरीदी गई थी, लेकिन बिहार पहुंचने के बाद इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये तक पहुंच जाती.

पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि ट्रक को रास्ते में शराब तस्करों द्वारा स्कार्ट किया जा रहा था या नहीं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रक चालक के साथ कौन-कौन लोग शामिल थे और शराब की खेप को रांची में किस व्यक्ति या गिरोह को सौंपा जाना था.

ट्रक चालक के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. साथ ही शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा होने के बाद इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

अवैध शराब से लदे ट्रक को पकड़ने की कार्रवाई में थाना प्रभारी अजीत कुमार, सअनि सुकू सोरेन सहित कुड़ू थाना के पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.