लोहरदगा : ऑनलाइन और अवैध ई-फार्मेसी के विरोध में दवा दुकानें बंद
लोहरदगा:ऑनलाइन फार्मेसी और अवैध ई-फार्मेसी गतिविधियों के विरोध में बुधवार को दवा दुकानदारों का देशव्यापी बंद है. देशभर में दवा विक्रेताओं के शीर्ष संगठन द्वारा आहूत राष्ट्रव्यापी बंद का असर जिले में भी देखने को मिला. जिले के दवा व्यवसायियों ने इस बंद का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार से अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार,ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट (AIOCD) के राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान पर लोहरदगा जिले के दवा व्यवसायियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी दुकानें बंद रखी है. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकल स्टोर बंद रहने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि, दवा व्यवसायियों ने आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की है.
केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन के लोहरदगा जिला सचिव पवन गौतम ने कहा कि अनियंत्रित रूप से बढ़ रही ई-फार्मेसी गतिविधियां न केवल स्थानीय दवा व्यवसाय को प्रभावित कर रही हैं,बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही हैं. उन्होंने कहा कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना पर्याप्त निगरानी और तय नियमों के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं, जिससे गलत दवा मिलने, एक्सपायरी दवाओं की आपूर्ति और दवाओं के दुष्प्रभाव की आशंका बढ़ जाती है.
उन्होंने कहा कि कई बार ऑनलाइन माध्यम से मरीज बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं मंगवा लेते हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाते हैं. दवा व्यवसायियों का कहना है कि मेडिकल स्टोर पर प्रशिक्षित फार्मासिस्ट की मौजूदगी में मरीजों को सही दवा और उचित जानकारी मिलती है. जबकि ऑनलाइन बिक्री में इस प्रकार की निगरानी का अभाव रहता है.
दवा व्यवसायियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि ऑनलाइन दवा बिक्री के लिए सख्त नियम बने और अवैध रूप से संचालित ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म पर कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार इस दिशा में उचित कदम नहीं उठाती है तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है.
इधर, बंद के दौरान मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट संघ की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में आवश्यक दवाओं की आपूर्ति के लिए संपर्क नंबर जारी किए गए हैं. संघ ने बताया कि जरूरतमंद मरीज इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक दवाएं प्राप्त कर सकते हैं.
सेन्हा प्रखंड के लिए 8709555965, कुडू प्रखंड के लिए 6200458260, भंडरा प्रखंड के लिए 9608891851, कैरो प्रखंड के लिए 9798365971 नंबर जारी किए गए हैं. वहीं, लोहरदगा शहरी क्षेत्र के मरीजों के लिए 8292324141 एवं 7717797054 नंबर उपलब्ध कराए गए हैं.
जिले के दवा व्यवसायियों ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह बंद किसी व्यापारिक हित से अधिक आम जनता के स्वास्थ्य सुरक्षा और दवा व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है.