लोहरदगा : जलजमाव से लोगों को मिली राहत,पानी की निकासी शुरू
लोहरदगा:शहरी क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के पास पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई. सड़क पर पानी जमा रहने से राहगीरों, वाहन चालकों और आस-पास के दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. लोगों की शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने त्वरित पहल करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक अभियंता तथा नगर परिषद की टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलजमाव के कारणों का जायजा लिया. जांच में पाया गया कि पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा था. इसके बाद नगर परिषद की ओर से तत्काल अस्थायी नाली बनाकर पानी की निकासी का कार्य शुरू कराया गया. मशीनों और श्रमिकों की सहायता से पानी को सड़क से बाहर निकालने की व्यवस्था की गई, जिससे कुछ ही समय में सड़क पर जमा पानी कम होने लगा और लोगों को राहत मिली.
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि शहरवासियों को जलजमाव जैसी समस्याओं से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है, जहां नगर परिषद की टीम लगातार निगरानी कर रही है. जहां भी जलनिकासी की समस्या सामने आएगी,वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि फिलहाल अस्थायी नाली बनाकर पानी निकाला गया है ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके. साथ ही भविष्य में इस स्थान पर स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की योजना पर भी विचार किया जाएगा,जिससे बरसात के दिनों में दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न न हो.
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने नगर परिषद की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उनका कहना था कि कई दिनों से सड़क पर पानी जमा रहने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। नगर परिषद की पहल से अब लोगों को काफी राहत मिली है।
निरीक्षण एवं राहत कार्य के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक अभियंता, संबंधित कर्मी एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. नगर परिषद ने शहरवासियों से अपील की है कि जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नालियों में कचरा न फेंकें तथा कहीं भी जलजमाव की स्थिति बनने पर तुरंत नगर परिषद को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके