लालू यादव की ताजपोशी का एलान
लगातार 12 वीं बार बने RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष, तालियों से गूंज उठा तालकटोरा
Delhi :इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। लालू प्रसाद यादव की आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर लगातार 12वीं बार ताजपोशी हो गयी है। पार्टी के चुनाव समिति के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से इसका विधिवत एलान करते हुए और जीत का प्रमाण पत्र भी सौंपा।
बिहार के डिप्टी सीएम और पार्टी नेता तेजस्वी यादव ने फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद लालू प्रसाद यादव की अध्यक्षता में खुला अधिवेशन की शुरुआत हो गयी है। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रस्ताव पर चर्चा की जा रही है। आरजेडी की बैठक में समाजवादी पार्टी के संरक्षक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव को शिद्दत के साथ श्रद्धांजलि दी गयी। इस दौरान नेताजी अमर रहे के नारों से पूरा तालकटोरा स्टेडियम गूंज उठा।
बता दें कि 1997 में आरजेडी की स्थापना के बाद यह पहला मौका है जब पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन राजधानी नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस अधिवेशन में देश के उन तमाम राज्यों के नेता हिस्सा ले रहे हैं, जहां आरजेडी का संगठन है। पार्टी देश के 25 राज्यों में पार्टी अपना संगठन बना चुकी है। लालू प्रसाद ने इस मीटिंग में तेजस्वी यादव को पार्टी के नीतिगत निर्णय लेने का अधिकार दिया है।
लालू यादव ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए तेजस्वी यादव लगातार काम कर रहे हैं। पार्टी की एकता बढ़ रही है और एकता में ही ताकत है।उन्होंने कहा कि किसी को कहीं इधर-उधर झांकने की जरूरत नहीं है। कुछ भी बोलने के पहले सभी को संभल कर बोलना चाहिए। लालू ने ऐलान किया कि अब किसी भी बड़े मामले पर सिर्फ तेजस्वी यादव ही बोलेंगे। किसके मुंह से क्या निकल जाएगा और मामला गड़बड़ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि जो भी नीतिगत मामले हैं या जो भी समस्या है उसपर सिर्फ तेजस्वी यादव ही बोलेंगे।
दिल्ली से अशोक मिश्र की रिपोर्ट ...
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।