Hindi News / हमलावरों ने मामूली विवाद में युवक को मौत के घाट उतारा

कोडरमा में युवक की बेरहमी से हत्या : हमलावरों ने मामूली विवाद में युवक को मौत के घाट उतारा

Edited By:  |
koderma mein yuvak ki behrahmi se hatya

कोडरमा: जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत जामू रोड के प्रेम नगर में एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 26 वर्षीय अनीश सिंह के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार बीती रात अनीश मरकच्चो के जामू रोड स्थित एक होटल में खाना खा रहा था. इसी दौरान होटल में मौजूद कुछ युवक जो वहां पहले से खाना खा रहे थे, तभी किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था. इसके पश्चात उक्त सभी युवक अनीश को सबक सिखाने के उद्देश्य से उसके घर पहुंच गए. घर पहुंचते ही उक्त सभी लोग अनीश के साथ मारपीट करने लगे. हमलावरों ने अनीश को उसके भाई की आंखों के सामने ही उसे घर के फर्श पर कई बार पटक-पटक कर मारने लगे. भाई के साथ इस कदर बेरहमी से हो रही मारपीट के डर से अनीश का भाई दौड़कर छत पर जाकर शोर मचाने लगा.

घटना के बाद सभी हमलावर फरार

शोर सुनते ही आस पास के लोग इकठ्ठा हो गए. इतने में सभी हमलावर वहां से फरार हो गए. जिसके बाद गंभीर रूप से घायल अनीश को मरकच्चो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. जहां उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए शनिवार की सुबह उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां इलाज के क्रम में उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

इधर, घटना के पश्चात मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो पुलिस सदर अस्पताल पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम करवाने में जुटी हुई है. वहीं, हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.