Hindi News / पारिवारिक विवाद में हत्या कर फेंकने का आरोप

कोडरमा में कुएं से शव बरामद : पारिवारिक विवाद में हत्या कर फेंकने का आरोप

Edited By:  |
koderma mein kuan se shaw bramad

कोडरमा:जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत जानपुर गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति का कुएं से संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान 30 वर्षीय पंकज चौधरी के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार,बीती रात पंकज के पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग व उनके परिवार के अन्य सदस्य पंकज के घर आए थे और मारपीट करते हुए उसे पकड़कर बाहर ले गए. जिसके बाद पंकज वापस घर नहीं लौटा.

सुबह पत्नी ने इस घटना के बारे में सभी लोगों को सूचना दी. जिसके बाद गांव के लोग उसे ढूंढने लगे.इसी दौरान दोपहर में जब पंकज की खोजबीन चल रही थी,उसका शव घर से सटे एक कुएं से बरामद किया गया.जिसके बाद सभी ग्रामीण वहां इकठ्ठा हो गए. परिजनों का आरोप है कि सभी लोगों ने पंकज की हत्या कर उसे कुएं में डाल दिया है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहारी घटनास्थल पर पहुंचे और पंकज के शव को कुएं से बाहर निकाला. इस दौरान घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे.

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सभी लोगों का मृतक के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. वे लोग पंकज को उक्त स्थल पर मकान बनाने का भी लगातार विरोध करते आ रहे थे,जिसके कारण उसे मजबूरन झोपड़ी में गुजर बसर करना पड़ रहा था.