कोडरमा : सदर अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, समर्थन में उतरे कांग्रेस
कोडरमा: सदर अस्पताल में ट्रॉलीमैन सहित सभी आउटसोर्सिंग कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन भी जारी है. हड़ताल के समर्थन में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक भी उतर आए हैं.उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मियों की मांग पूरी तरह जायज है. कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स,हजारीबाग के अधीन कार्यरत इन कर्मियों को पिछले 6 महीने से मानदेय नहीं मिला है.
संघ ने कई बार ज्ञापन, वार्ता और धरना के माध्यम से अपनी बातें रखी,लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसी कारण 23 जुलाई से कर्मी हड़ताल पर हैं. जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि सरकार एक तकनीकी आउटसोर्स कर्मी के लिए कंपनी को लगभग 26,000 प्रति माह भुगतान करती है,जबकि कर्मचारियों को केवल 12,000 से 12,600 ही मिलते हैं. 6 महीने से वेतन नहीं मिलने से कर्मियों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है.
हड़ताल के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. शव को पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाने के लिए कोई कर्मचारी नहीं मिल रहा है,जिससे परिजनों को मजबूरन अपने मृतक के शव को ट्रॉली पर रखकर खुद ले जाना पड़ रहा है.इसके अलावा अस्पताल में सफाई व्यवस्था भी ठप है.