कोडरमा : पुलिस विभाग को 14 नए वाहन आवंटित, डीसी-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कोडरमा: राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण एवं बेहतर पुलिसिंग की दिशा में बेहतरीन कदम उठाया है. पुलिस विभाग को कुल 14 नए वाहन आवंटित किया गया है. जिसे उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह और जिले के अन्य आला अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
पुलिस अधिकारियों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के लिए नए वाहनों रवाना किया. इस मौके पर एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ, प्रभावी और त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न थाना को कुल 14 नए वाहन आवंटित कराए गए हैं. जिसमें कोडरमा एवं तिलैया थाना को 2-2 चार पहिया वाहन और शेष थाना को 1-1 वाहन सौंपा गया.
वहीं, उन्होंने बताया कि नये वाहनों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में काफी सहुलियत होगी. इन वाहनों से पुलिस की गतिशीलता बढ़ेगी और किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम शीघ्रता पहुंचकर कार्रवाई कर सकेगी.
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि इन वाहनों का उपयोग मुख्य रूप से नियमित और रात्रि गश्ती, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, अपराधियों की धर-पकड़, छापेमारी अभियान और विधि व्यवस्था से संबंधित ड्यूटी के दौरान किया जाएगा.
इसके अतिरिक्त त्योहारों, विशेष अभियानों और आकस्मिक परिस्थितियों में भी इन वाहनों का उपयोग कर पुलिस बल को त्वरित रूप से तैनात किया जा सकेगा. जनता को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी.