Hindi News / गिरिडीह डीसी ने सख्त लहजे में कहा-किसी भी हाल में नहीं बख्शे जाएंगे...

खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक : गिरिडीह डीसी ने सख्त लहजे में कहा-किसी भी हाल में नहीं बख्शे जाएंगे अवैध खननकर्ता

Edited By:  |
khanan task force ki samiksha baithak

गिरिडीह:जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक की.बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने और अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

राजस्व हानि रोकना प्रशासन की प्राथमिकता

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि खनन गतिविधियां पूरी तरह नियमों के अनुरूप संचालित हों तथा सरकार को किसी प्रकार की राजस्व क्षति ना हो. उन्होंने खनन विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से अभियान चलाने का निर्देश देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया.

चेक पोस्ट पर होगी सघन जांच

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के विभिन्न चेक पोस्ट एवं पिकेट पर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाएगी। बिना चालान और ओवरलोडिंग कर खनिज ढोने वाले वाहनों को तत्काल जब्त कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की रणनीति तैयार की गई।

अंचल अधिकारियों को सतत निगरानी का निर्देश

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खनन गतिविधियों की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से ही अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है.

आपसी समन्वय से चलेगा अभियान-डीसी

बैठक के दौरान उपायुक्त ने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनन विभाग, पुलिस प्रशासन, वन विभाग एवं राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयासों से अवैध खनन के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा.

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि खनन कार्यों में पारदर्शिता एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके.

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ.बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु यश कुमार सहित जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.