कमलेश राम बने राष्ट्रीय महासचिव
रांची में हुआ भव्य स्वागत-अभिनंदन
रांची: अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के प्रभारी कमलेश राम का रविवार को रांची में भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया. होटल पार्क में आयोजित समारोह में झारखंड प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया.
तीन राज्यों में संगठन मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राकेश राम ने की. समारोह में झारखंड के विभिन्न जिलों से संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई.
हक-अधिकार की लड़ाई मजबूत करने का संकल्प
अपने संबोधन में राष्ट्रीय महासचिव कमलेश राम ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे. झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत किया जाएगा. साथ ही सफाई मजदूर समाज के हक-अधिकार, शिक्षा, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष राकेश राम ने कहा कि कमलेश राम के नेतृत्व में झारखंड में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा. कार्यक्रम में सूरज राज, पूजा साहू, सतीश साहू, राजेंद्र मिर्धा, अशोक अकेला, जितेंद्र साहू, संजय रजक, पुनीत राम और कमलेश लाल समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।