ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा : रामगढ़ पुलिस ने चार अपराधियों को किया गिरफ्तार,फिर लूटकांड की बनाई थी योजना
रामगढ़:जिले के गोला थाना क्षेत्र में हुई ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घटना में संलिप्त चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.पुलिस ने डीएसपी मुख्यालय चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान सूचना मिली कि केरेडारी निवासी दीपक कुमार रांची में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है.
इसी सूचना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुएछापेमारी कर उसे मौके से दबोच लिया. उसकी निशानदेही पर देसी कट्टा, 8 एमएम की जिंदा गोली, सोने की बाली, बाइक और घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक बरामद की गई.गिरफ्तार दीपक की निशानदेही पर हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी मो. सद्दाम उर्फ छोटू, कजरी निवासी ऐनुल अंसारी और रजरप्पा थाना क्षेत्र के बढ़की लारी निवासी मोइन अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है. अपराधियों के खिलाफ विभिन्न जिलों में कई मामले दर्ज हैं. यह गिरोह लंबे समय तक रेकी कर जेवर व्यवसायियों को निशाना बनाता था. वहीं, पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है.