JPSC JSSC-CGL पेपर लीक : धांधली मामले की आंच कोडरमा तक पहुंची,CID की SIT टीम ने 2 युवकों को हिरासत में लिया
कोडरमा: सीआईडी की एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात कोडरमा में बड़ी कार्रवाई की है. दो युवकों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए रांची ले गई. सूत्रों के अनुसार,पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कोडरमा के इन युवकों के नाम सामने आए थे. जेएसएससी सीजीएल परीक्षा धांधली मामले की जांच अब तेज हो गई है. जांच कर रही सीआईडी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी,जिसके आधार पर गुरुवार देर रात टीम कोडरमा पहुंची.

सीआईडी की टीम ने सबसे पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में छापेमारी की और वहां से राजेश प्रसाद यादव को उसके घर से हिरासत में लिया. इसके तुरंत बाद टीम ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के पूर्णानगर रोड में छापेमारी कर संदीप कुमार को हिरासत में ले लिया. दोनों को पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है.
सूत्रों के मुताबिक सीआईडी द्वारा पहले हिरासत में लिए गए बिचौलियों और मुख्य आरोपियों ने पूछताछ में इन दोनों के नाम लिए थे. हालांकि,सीआईडी ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह पुष्टि नहीं की है कि इन दोनों की भूमिका क्या थी. यह पूछताछ के बाद ही साफ हो पाएगा.