JHARKHAND NEWS : सुरक्षा व्यवस्था पर फूटा वित्त मंत्री का गुस्सा, DGP को लिखा पत्र,लौटाए जवान
रांची: झारखंड के वित्त, योजना एवं विकास मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा में तैनात 16 पुलिस जवानों को वापस करने की बात कही है. मंत्री का कहना है कि पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था नहीं होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था व्यावहारिक और सुरक्षित नहीं रह गई है.
चार वाहनों की मांग पर नहीं हुई कार्रवाई
मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि पहले भी उन्होंने 21 अप्रैल 2026 को पत्र लिखकर बताया था कि उनकी सुरक्षा में 16 पुलिस जवान तैनात हैं, लेकिन उनके लिए केवल तीन सरकारी वाहन उपलब्ध हैं. इतने कम वाहनों में सभी जवानों को समायोजित करना कठिन होने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी उचित नहीं है. इसी कारण उन्होंने चार वाहनों की मांग की थी, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया.
नोटिस पर जताई कड़ी आपत्ति
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि इस बीच वित्त विभाग के संयुक्त सचिव की ओर से पुलिस मुख्यालय को एक वाहन वापस करने संबंधी नोटिस जारी किया गया, जिसे उन्होंने "Embarrassing" बताया है. उनका कहना है कि अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए बिना वाहन वापस करने का निर्देश देना उचित नहीं है.
DGP को लिखा पत्र, सुरक्षा बल लौटाने का फैसला
मंत्री ने पत्र में स्पष्ट किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में वह अपनी सुरक्षा में तैनात 16 पुलिस जवानों को वाहन सहित वापस कर रहे हैं. उन्होंने पूरे मामले से DGP को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है. हालांकि, इस मामले पर अभी तक पुलिस मुख्यालय या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है.