झारखंड न्यूज़ : नेतरहाट के बगानों से संगठित बाजार तक पहुंची नाशपाती, महिला किसानों को मिल रहा बेहतर बाजार
लातेहार: नेतरहाट की पहाड़ियों की प्रीमियम गुणवत्ता वाली नाशपाती अब स्थानीय बाजारों से निकलकर बड़े और संगठित बाजारों तक पहुंच रही है। जेएसएलपीएस के SETU (Scaling and Enabling for Trade Upliftment) Cell की पहल से महिला-नेतृत्व वाले Farmer Producer Organizations (FPOs) के माध्यम से किसानों को संगठित बाजारों और संस्थागत खरीदारों से जोड़ा जा रहा है।

इस पहल के तहत केवल बाजार उपलब्ध कराने पर ही नहीं, बल्कि पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। किसानों से नाशपाती का सामूहिक संग्रहण, वैज्ञानिक ग्रेडिंग एवं छंटाई, गुणवत्ता जांच, आधुनिक पैकेजिंग और बेहतर लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था की जा रही है। इसके माध्यम से किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार और बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
वर्तमान में Agri Arjuna के माध्यम से नेतरहाट की नाशपाती संगठित रिटेल चेन, जिसमें Reliance भी शामिल है, तक पहुंच रही है। वहीं Tincture Agri के माध्यम से भी अतिरिक्त खेपों को प्रीमियम घरेलू बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। अब तक करीब 5 मीट्रिक टन प्रीमियम नाशपाती संगठित खरीदारों तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा करीब 10 मीट्रिक टन नाशपाती का संग्रहण किया जा रहा है, जिसे गुवाहाटी, असम भेजने की तैयारी है।
नेतरहाट की ठंडी जलवायु नाशपाती की खेती के लिए अनुकूल है और यह क्षेत्र झारखण्ड के प्रमुख नाशपाती उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है। जेएसएलपीएस की यह पहल किसानों को पारंपरिक बाजारों पर निर्भरता से आगे बढ़ाकर संगठित मूल्य श्रृंखला से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे नेतरहाट की नाशपाती को झारखण्ड के एक प्रमुख बागवानी उत्पाद के रूप में नई पहचान मिलने की संभावनाएं बढ़ रही हैं।