झारखंड मतदाता सूची
दावा-आपत्ति और दस्तावेज सत्यापन को लेकर ERO-AERO को मिला प्रशिक्षण
रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत दावा-आपत्ति और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ERO, AERO और Additional AERO के लिए प्रशिक्षण-सह-शंका निवारण सत्र हुआ.
प्रशिक्षण में आधार से जुड़े सत्यापन और दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई. UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के निदेशक नीरज कुमार ने अधिकारियों को आधार सत्यापन के तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं की जानकारी दी. इस दौरान अधिकारियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई और दस्तावेजों का सत्यापन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक दावे और आपत्ति का नियमानुसार परीक्षण कर मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है.
उन्होंने ERO, AERO और Additional AERO को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में दस्तावेज सत्यापन और सुनवाई से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को भी प्रशिक्षण में दी गई जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि प्रक्रिया में एकरूपता बनी रहे. साथ ही सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR का उद्देश्य पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित होने से बचाना और अपात्र अथवा विदेशी नागरिकों के नाम शामिल न होने को सुनिश्चित करना है. इसी उद्देश्य के तहत दावा-आपत्ति, सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
प्रशिक्षण में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर समेत राज्य के सभी जिलों के संबंधित ERO, AERO और Additional AERO वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।