Hindi News / लूलू मॉल में बिक रहा महिला किसानों की मेहनत का उत्पाद

झारखंड का आम्रपाली पहुंचा दुबई : लूलू मॉल में बिक रहा महिला किसानों की मेहनत का उत्पाद

Edited By:  |
jharkhand ka aamrpali pahuncha dubai

रांची: झारखंड के आम्रपाली आम ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. ग्रामीण विकास विभाग की पहल पर देवघर और गुमला जिले में महिला किसान उत्पादक संगठनों द्वारा तैयार 2 टन आम्रपाली आम की पहली खेप दुबई भेजा गया.यह आम दुबई के प्रतिष्ठित लूलू मॉल में बिक्री के लिए उपलब्ध है और अपनी गुणवत्ता व मिठास के कारण ग्राहकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इससे पहले भी झारखंड के आम्रपाली आम की खेप लंदन और इटली जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच चुकी है.


बिरसा हरित ग्राम योजना का दिखा असर

ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार देवघर जिले की मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी तथा गुमला जिले की गुमला रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और एमवीएम बघिमा पालकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित बागानों में आम्रपाली आम का उत्पादन किया है. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से इन आमों का निर्यात किया गया है. यह उपलब्धि राज्य की महिला किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और कृषि आधारित आजीविका मॉडल की सफलता को दर्शाती है.

'पलाश' ब्रांड से मिली नई पहचान

जेएसएलपीएस लगातार स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों को मूल्य संवर्धन, गुणवत्ता आधारित प्रसंस्करण और आधुनिक विपणन व्यवस्था से जोड़ने का काम कर रहा है. 'पलाश' ब्रांड के तहत राज्यभर में विशेष आम बिक्री स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ महिला समूहों और एफपीओ से जुड़े किसानों के उत्पादों को बाजार मिला. स्थानीय स्तर पर मिली सफलता के बाद अब आम्रपाली आम को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने में भी सफलता मिली है. इससे महिला किसानों की आय बढ़ने के साथ झारखंड के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है.

मंत्री ने दी महिला किसानों को सफलता का श्रेय

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वैश्विक बाजार में आम्रपाली आम को मिल रही पहचान का वास्तविक श्रेय राज्य की मेहनतकश दीदियों को जाता है. उन्होंने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित आम बागवानी ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन चुकी है. महिलाओं की मेहनत, गुणवत्ता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जेएसएलपीएस के प्रभावी प्रबंधन के कारण आज झारखंड का आम्रपाली आम दुबई, लंदन और इटली जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँच रहा है.

ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को विदेशतक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य झारखंड की ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को दुनिया के अधिक से अधिक देशों तक पहुंचाना और महिला किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़कर उनकी आय में लगातार वृद्धि सुनिश्चित करना है. मंत्री ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना और जेएसएलपीएस के समन्वित प्रयासों ने ग्रामीण महिलाओं के लिए बागवानी आधारित आजीविका का एक सफल मॉडल तैयार किया है, जिससे उन्हें बेहतर बाजार और उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है.