झारखंड बीजेपी के नए प्रभारी नियुक्त
गजेंद्र सिंह पटेल को बड़ी जिम्मेदारी,संगठन मजबूती को मिलेगी धार
रांची:भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने विभिन्न राज्यों के लिए प्रभारी और सह प्रभारी की नई सूची जारी की है. इस सूची में झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के वरिष्ठ आदिवासी नेता और बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल को सौंपी गई. उनके साथ संतोष सिंह और बिहार की निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया. गजेंद्र पटेल की नियुक्ति को झारखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
गजेंद्र पटेल का राजनीतिक जीवन सीधे चुनावी राजनीति से शुरू नहीं हुआ. वे बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से जुड़े रहे. 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से उन्होंने संगठनात्मक काम शुरू किया. इसके बाद युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई. यही लंबा संगठनात्मक अनुभव उन्हें बीजेपी के महत्वपूर्ण नेताओं में शामिल करता है.
गजेंद्र पटेल ने बीजेपी संगठन में कई अहम पद संभाले. 2017 में वे मध्य प्रदेश बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने. इसके बाद प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई. वर्ष 2021-22 के दौरान वे बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रहे और आदिवासी क्षेत्रों में संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाई.
पार्टी ने दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, लद्दाख और लक्षद्वीप समेत कई राज्यों में भी नई जिम्मेदारियां तय की है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।