जहरीली शराब से महिला की मौत : चतरा में ग्रामीणों ने प्रशासन से की धंधेबाजों पर कार्रवाई की मांग
चतरा:जिले केसदर थाना क्षेत्र के बरैनी गांव में जहरीली शराब पीने से एक महिला की मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. ग्रामीणों ने पत्रकारों को बताया कि यह क्षेत्र काफी पिछड़ा हुआ है. कुछ लोग खुलेआम शराब और अफीम का धंधा करते हैं. यहां पुरुषों के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी शराब का सेवन करती हैं. यहां आए दिन जहरीली शराब से महिलाओं की मौत होती रहती है.
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लावालौंग थाना क्षेत्र के लमटा गांव का शंकर साहू नाम का व्यक्ति काफी अरसे से अवैध शराब की दुकान चला रहा है. इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा है। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को भी है, लेकिन कभी भी प्रशाशन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इन धंधेबाजों पर कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, घटनास्थल पर पहुंची चतरा पुलिस ने दुकान से जहरीली शराब की बोतल बरामद कर ली है और जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजने की प्रक्रिया में है. अब जांच के बाद ही पता चलेगा की महिला की मौत कैसे हुई.