जामताड़ा में क्लर्क पद के लिए फर्जीवाड़ा : फर्जी नियुक्ति पत्र और दस्तावेजों के साथ युवक गिरफ्तार
जामताड़ा: समाहरणालय में क्लर्क की नौकरी ज्वाइन करने पहुंचे एक युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र और जाली दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार युवक की पहचान गिरिडीह जिले के देवरी निवासी रजाक अंसारी के रूप में हुई है. वह अपने ससुर अख्तर अंसारी के साथ समाहरणालय में क्लर्क पद पर योगदान देने पहुंचा था. दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ,जिसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
जांच में नियुक्ति पत्र पर उपायुक्त के फर्जी हस्ताक्षर और जाली मुहर मिलने के साथ-साथ आधार कार्ड एवं अन्य प्रमाण पत्रों में भी गड़बड़ी पाई गई.सूचना मिलते ही पुलिस ने समाहरणालय परिसर से दोनों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाना ले गई.पुलिस को शक है कि इस मामले के पीछे जालसाजी का कोई बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है.
वहीं, उपायुक्त आलोक कुमार ने मामले को लेकर बताया कि एक युवक फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर जिला प्रशासन में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा था. प्रारंभिक जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी पाया गया है. मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है और विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. डीसी ने कहा कि पूरे मामले की जांच करायी जा रही है. फिलहाल पुलिस फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने वालों और इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है.