Hindi News / नारायणपुर में पुल के पास नदी किनारे युवक का मिला शव,हत्या की आशंका

जामताड़ा : नारायणपुर में पुल के पास नदी किनारे युवक का मिला शव,हत्या की आशंका

Edited By:  |
jamtara

जामताड़ा:जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पाबिया से काशीटॉड जाने वाली मुख्य सड़क किनारे पुल के पास नदी से एक युवक का शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई.स्थानीय ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी,जिसके बाद आस-पास के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एक जुट हो गए.मृतक की पहचान अशोक रवानी (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है.

घटना की जानकारी मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को नदी किनारे फेंक दिया गया है. हालांकि,पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार या पुष्टि नहीं की है.थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है.