जमशेदपुर पुलिस-अपराधी में मुठभेड़ : राहुल बच्चा हत्याकांड का मुख्य आरोपी शब्बे घायल,जवाबी फायरिंग में लगी गोली
जमशेदपुर:राहुल बच्चा हत्याकांड के मुख्य आरोपी और पुलिस में मुठभेड़ हुई है.एनकाउंटर मेंशब्बे नाम का अपराधी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया है. अपराधी के पैर में दो गोलियां लगी है. सिटी एसपी ललित मीणा ने घटना की पुष्टि की है.
घटनास्थल की पुलिस ने की घेराबंदी
बताया जा रहा है कि पुलिस ने शब्बे नाम के अपराधी का एनकाउंटर किया है,जो बुधवार की शाम हुए मानगो में राहुल बच्चा हत्याकांड का मुख्य आरोपी है. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद शब्बे ने अपने कुछ साथियों का साथ सरेंडर कर दिया था. गुरुवार अहले सुबह पुलिस हथियार बरामद करने के लिए जब शब्बे को मानगो स्थित स्मृति पार्क ले गई. उसकी निशानदेही पर 2 पिस्तौल भी बरामद हुआ.लेकिन इसी बीच एक पिस्टल शब्बे ने उठा लिया और पुलिस पर फायरिंग का प्रयास किया गया. पुलिस ने आत्मरक्षा में शब्बे के पैर में 2 गोली मारी. घटनास्थल की पुलिस ने घेराबंदी कर दी है.
हथियार बरामद के दौरान पुलिस पर फायरिंग का प्रयास
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि शब्बे के पैर में गोली लगी है. हथियार बरामद करने के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग का प्रयास किया था.उन्होंने बताया कि राहुल बच्चा की हत्या करने के बाद शब्बे ने 2 पिस्तौल स्मृति पार्क में छिपाने की बात पुलिस के समक्ष कही. पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए अपने साथ ले गई थी,जहां उसने पुलिस पर फायरिंग का प्रयास किया.उसके पैर में गोली लगी है. मानगो थाना के सब इंस्पेक्टर संजय ने अपराधी को गोली मारी है.
राहुल बच्चा नाम के युवक का प्रेम प्रसंग में हुई थी हत्या
राहुल बच्चा नाम के युवक का प्रेम प्रसंग में हत्या हुई थी. शब्बे और उसके साथियों ने पत्थर, चापड़ से वार करने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी. हालांकि,देर रात शब्बे ने सरेंडर कर दिया था. शब्बे और राहुल एक ही युवती से प्रेम करते थे. इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. राहुल की हत्या के बाद परिजनों ने टीएमएच में काफी हंगामा किया था. राहुल को देखने पहुंची युवती को भी परिजनों में भगा दिया था.