जमशेदपुर में मूसलाधार बारिश : स्वर्णरेखा और खरकई नदी उफान पर,कई घरों में घुसा पानी,तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट
जमशेदपुर:जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से स्वर्णरेखा और खरकाई नदियां उफान पर हैं. वहीं,बारिश के कारण कई घरों में भी पानी घुस गया है. प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है.पिछले कई दिनों से शहर और आस-पास के इलाके में हो रही मूसलधार बारिश से शहर के आस-पास इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिली, शहर से होकर गुजरने वाली खरकई नदी खतरे के निशान से करीब 4.50 मीटर ऊपर,जबकि सुवर्णरखा डेंजर लेवल से 1.24 मीटर ऊपर बह रही है. नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद चांडिल डैम, गालूडीह बराज और ओडिशा के डैम-बैराज के 45 से ज्यादा फाटक खोलने पड़े हैं. इसके बावजूद नदियों का उफान थम नहीं रहा है.

नदी के बैकवॉटर और उफनाए नालों के जरिए बागबेड़ा, मानगो, जुगसलाई, दाईगुट्टू, भुईयांडीह और कदमा के 1000 से अधिक घरों में पानी घुस गया है. यहां बड़ी संख्या में घर और दुकानें प्रभावित हुई हैं. प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है. एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट है.