रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग : जमशेदपुर में जमीन मालिक पर चली तीन राउंड गोलियां
जमशेदपुर: कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी को लेकर फायरिंग करने का मामला सामने आया है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. इस्लामनगर मजार के पीछे चाहरदीवारी निर्माण करावा रहे जमीन मालिक पर बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है.
8 से 10 की संख्या मेंबदमाशों ने बोला धावा
जमीन मालिक अफसर नवाज ने बताया कि वह अपनी निजी जमीन पर चाहरदीवारी निर्माण करा रहे थे. इसी दौरान 8 से 10 की संख्या में बदमाशों ने धावा बोला और उनसे रंगदारी की मांग की. विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दी. फायरिंग के दौरान एक गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई. अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, इस घटना में वे बाल-बाल बच गए
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है.
जमशेदपुर से बिनोद केशरी की रिपोर्ट