जमशेदपुर में बैंक एजेंट से लूटपाट : बंदूक की नोंक पर डेढ़ लाख लूटकर फरार,विरोध करने पर की फायरिंग
जमशेदपुर: जिले में अपराधियों के हौसले बेहद बुलंद है. कपाली टीओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइकसवार दो अपराधियों ने बंदूक की नोंक पर बैंक एजेंट से डेढ़ लाख रुपए लूटकर फरार हो गए. विरोध करने पर अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग भी किया. पीड़ित ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई. हालांकि,पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.
कपाली ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि कपाली ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग और लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. अपराधियों ने डैमडूबी स्थित तन्नू जनरल स्टोर के पास माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी को निशाना बनाया. करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और विरोध करने पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दिया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार
मिली जानकारी के अनुसार माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत नरेंद्र भगत,घाटशिला के बेलाजुड़ी के रहने वाले हैं. क्षेत्र में कलेक्शन कर लौट रहे थे. इस दौरान पहले से घात लगाए बाइकसवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. अपराधियों ने हथियार के बल पर रुपये से भरा बैग छीनने की कोशिश की. जब नरेंद्र भगत ने विरोध किया तो अपराधियों ने एक राउंड फायरिंग कर दी. फायरिंग की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग दहशत में आ गए और घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए चांडिल एसडीपीओ अरविंद बिन्हा और चांडिल इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने आस-पास के लोगों से पूछताछ ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
संदिग्धों पर नजर रखने का निर्देश
चांडिल एसडीपीओ अरविंद सिन्हा ने कहा कि मामले की हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही लूटकांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार को लगातार छापेमारी अभियान चलाने और संदिग्धों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. इधर, लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने कपाली और आसपास के इलाकों में कानून- व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इलाके में गश्ति बढ़ाने और अपराधियों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े फायरिंग और लूट की घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल को दर्शाती है. लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्ति बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है .