जमशेदपुर के हरिजन बस्ती में पेयजल संकट : प्रशासन की उदासीनता से नाराज महिलाओं ने अनोखे अंदाज में किया प्रदर्शन
जमशेदपुर: पोटका प्रखंड के हेंसड़ा स्थित हरिजन बस्ती में भीषण गर्मी शुरू होने से पहले ही पेयजल संकट गहराने लगा है. हरिजन बस्ती के रहने वाले लगभग 20 परिवार पिछले 25 दिनों से पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं. बस्ती में मौजूदएकमात्र चापानलखराब पड़ा है,जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है.पानी की समस्या से त्रस्त महिलाओं का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा. बड़ी संख्या में महिलाएं बाल्टी, डेगची और हांडी लेकर खराब चापानल के पास एकजुट होकर जोरदार तरीके से प्रदर्शन किया. महिलाओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द चापानल मरम्मती की मांग की.
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि बस्ती में यही एकमात्र चापानल है, जो पिछले 25 दिनों से खराब पड़ा है. कई बार विभाग, पंचायत मुखिया और जल सहियाओं से शिकायत की गई, लेकिन अब तक किसी ने भी सुध नहीं लिया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हरिजन बस्ती तक विकास की किरणें अब तक नहीं पहुंची हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि चापानल से बेहद कम पानी निकल रहा है, जिससे एक बाल्टी पानी भरने में काफी समय लग रहा है ऐसे में महिलाओं के हाथों में दर्द तक होने लगा है. प्रशासन की उदासीनता से नाराज महिलाओं ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन कर विभाग की "कुंभकरणीय नींद" तोड़ने की कोशिश की.