जमशेदपुर : परसुडीह में तालाब में मिला अज्ञात शव, पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां पाड़ा टोला स्थित तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. शुक्रवारसुबह तालाब के मालिक की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी,जिसके बाद उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान को इसकी जानकारी दी.
ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आस पास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस अज्ञात शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है. अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है.