Bihar News : फिल्मी हीरो बनने की सनक में बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे पिता
डेस्क:- नवादा जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बेटे की सनक ने परिवार को दहशत में डाल दिया। परनाडाबर थाना क्षेत्र के भोला कुरहा गांव के महनपुर टोला में गुरुवार देर शाम करीब7बजे एक युवक ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक फिल्म में हीरो बनने की जिद को लेकर पिता पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। जब पिता ने इनकार किया तो विवाद हिंसक हो गया।
घायल गनौरी यादव (65वर्ष), पिता उगन प्रसाद, ने बताया कि उनका पुत्र अरविंद प्रसाद काफी दिनों से जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहा था और आए दिन झगड़ा करता था। गुरुवार को भी वह नशे की हालत में घर आया और अचानक उन पर तथा उनकी पत्नी मूंगिया देवी पर हमला कर दिया। गनौरी यादव के अनुसार, बेटे ने तार छीलने वाली धारदार पसूली से उनकी गर्दन पर वार किया। उस समय उनके हाथ में एक डंडा था, जिससे उन्होंने किसी तरह वार को रोका, वरना उनकी गर्दन कट सकती थी। इस हमले में उनके बाएं गाल पर करीब तीन इंच लंबा गहरा जख्म हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परनाडाबर थाना की112पुलिस टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत इलाज के लिए सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर जनार्दन कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार घायल के चेहरे पर धारदार हथियार से लगा घाव था, लेकिन फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक आरोपी युवक का व्यवहार पिछले कुछ समय से आक्रामक हो गया था। उसने कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की थी, जिसके बाद वह मायके चली गई। बताया जाता है कि परिवार में इसको लेकर लगातार तनाव बना हुआ था।
इस संबंध में112 पुलिस टीम के एएसआई प्रदीप उरांव ने बताया कि सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया और इलाज करवाया गया। वहीं परनाडाबर थाना अध्यक्ष हरिकांत कुमार ने कहा कि घटना की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।
नवादासेदिनेश कुमार