Hindi News / 15.41 करोड़ की अवैध निकासी, पुलिस विभाग के तीन सिपाही गिरफ्तार

हजारीबाग कोषागार घोटाला : 15.41 करोड़ की अवैध निकासी, पुलिस विभाग के तीन सिपाही गिरफ्तार

Edited By:  |
hazaribagh kosagaar ghotala

हजारीबाग:जिले के कोषागार से करोड़ों रुपये के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में संलिप्त तीन सिपाहियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि इन लोगों ने करीब 15.41 करोड़ की अवैध निकासी कर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया है.वित्त विभाग ने डाटा एनालिसिस के दौरानमामले का खुलासा किया है.जिसमें संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए है. जांच में पता चला कि आरोपियों ने अस्थायी पे आईडी बनाकर सरकारी कोषागार से रकम निकाली और उसे अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया.

जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए 21 संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है. इन खातों में मौजूद करीब 1.60 करोड़ रुपये की राशि को भी सुरक्षित कर लिया गया है.इस संबंध में जिला कोषागार पदाधिकारी ने लोहसिंगना थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

यह मामला केवल तीन सिपाहियों तक सीमित नहीं दिख रहा है, बल्कि पूरे प्रशासनिक सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. करीब आठ वर्षों तक इतनी बड़ी राशि की अवैध निकासी होती रही और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी, यह अपने आप में जांच का विषय है.

गौरतलब है कि बोकारो जिले में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय की लेखा शाखा में पदस्थापित एक लेखपाल ने सेवानिवृत्त हवलदार के नाम पर करीब 4.28 करोड़ रुपये की अवैध निकासी की थी.