हजारीबाग : बोंगा गांव में व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,पुलिस हिरासत में पत्नी
हजारीबाग: जिले के इचाक थाना क्षेत्र के बोंगा गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय वीरेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पत्नी संजू देवी पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर रही.
परिजनों के अनुसार,शुक्रवार शाम तक परिवार में सब कुछ सामान्य था. शनिवार देर रात में वीरेंद्र प्रजापति और उसकी पत्नी संजू देवी एक ही कमरे में सो रहे थे. परिवार का आरोप है कि शनिवार करीब तीन बजे वीरेंद्र की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली. जब परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो उसके चेहरे और गर्दन पर नाखून जैसे निशान पाए गए. इसके बाद परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई.
मृतक के भाई राहुल कुमार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है.उन्होंने कहा कि जब घटना के समय कमरे में पति-पत्नी दोनों मौजूद थे,तो आखिर यह घटना कैसे हुई.इसकी पूरी सच्चाई पुलिस जांच से सामने आनी चाहिए.उन्होंने दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
वहीं,पड़ोसी प्रदीप प्रजापति ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे घर से रोने की आवाज सुनाई दी. बाहर निकलकर जानकारी लेने पर वीरेंद्र की मौत की घटना का पता चला. उन्होंने मृतक के शरीर पर गर्दन और चेहरे के आसपास निशान होने की बात कही और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की.
इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. परिवार की ओर से पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया गया है. पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होने की उम्मीद है.
परिजनों ने बताया कि वीरेंद्र और संजू की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी.दोनों के तीन बच्चे हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीरेंद्र की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है.