गिरिडीह में जेएमएम का उग्र प्रदर्शन : NEET पेपर लीक के विरोध में नारेबाजी,छात्रों के लिए न्याय की मांग
गिरिडीह: NEET परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा की गिरिडीह जिला कमेटी ने गुरुवार को टावर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की और उनका पुतला दहन किया.
प्रदर्शन के दौरान जेएमएम नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ी से देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों को न्याय मिले. पुतला दहन के बाद जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों के साथ पुलिस द्वारा किया गया व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता,तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा.
इस प्रदर्शन में जेएमएम के उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, गिरिडीह नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, पूर्व विधायक केदार हाजरा सहित बड़ी संख्या में जेएमएम कार्यकर्ता मौजूद रहे.