गिरिडीह में अतिक्रमण हटाओ अभियान : सड़कों से हटाए गए ठेले खोमचे,निगम अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी
गिरिडीह:शहर में नगर निगम ने एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान सख्ती के साथ चलाया. इस दौरान टावर चौक, बड़ा चौक, काली बाड़ी चौक और सदर अस्पताल रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर अवैध रूप से ठेला खोमचा लगाने वाले दुकानदारों को हटाया गया.
इस अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि सड़क पर किसी भी प्रकार का सामान रखकर व्यापार करना पूरी तरह प्रतिबंधित है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों और अधिकारियों के बीच हल्की नोंक-झोंक भी देखने को मिली, लेकिन प्रशासन की सख्ती के सामने किसी की नहीं चली. नगर निगम के सिटी मैनेजर अभिषेक प्रकाश ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.