गढ़वा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद हत्याकांड मामले में आरोपी गिरफ्तार
गढ़वा:जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के कसमार में नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म के बाद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज घटना में पुलिस ने रमकंडा थाना क्षेत्र के गोबरदाहा गांव निवासी आरोपी धर्मेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने रविवार को प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी.
घटना एक महीने पहले की है,जब नाबालिग युवती कसमार गांव में आयोजित एक शादी समारोह से शौच के लिए बाहर निकली थी. इसी दौरान आरोपी जो अपने जीजा के घर रह रहा था, उसे देखते ही दौड़ाने लगा. नाबालिग के गिरने के बाद आरोपी उसे उठाकर अरहर के खेत में ले जाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. जहां दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई.
घटना के तीसरे दिन पुलिस ने अरहर के खेत से शव बरामद किया था. पुलिस के अनुसार इस कांड का खुलासा करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा. लगभग 600 लोगों से पूछताछ और 200 लोगों के कॉल रिकॉर्ड खंगालने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी. घटनास्थल से मिले चप्पल के आधार पर आरोपी के पहचान की पुष्टि हुई है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने जीजा के घर कसमार में रहता हैं. पुलिस ने साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश हुआ है.