स्वास्थ्य विभाग की हकीकत : गढ़वा में एम्बुलेंस नहीं मिलने पर घायल मां को ठेले पर बैठाकर अस्पताल लाया बेटा
गढ़वा:ठेला पर सिस्टम, जी हां यह हकीकत गढ़वा जिला मुख्यालय का है जहां सड़क दुर्घटना में घायल महिला को एम्बुलेंस नहीं मिलने पर परिजनों ने मजबूरन ठेले पर बैठाकर उसे अस्पताल लाया. ये है झारखंड के स्वास्थ्य विभाग की हकीकत जिसकी त्सवीर सब कुछ बयां कर रही. घायल महिला तड़पती रही लेकिन, उसे एम्बुलेंस मुहैया नहीं कराया गया. ठेले पर लादकर दो किलोमीटर का सफर तय कर सदर अस्पताल पहुंचा गया. तब जाकर महिला का इलाज संभव हुआ.
यह तस्वीर झारखण्ड के स्वास्थ्य की लचर व्यवस्था की हकीकत है. जहां घायल महिला को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस तक नसीब नहीं हुआ. घटना के बारे में बताए कि रेलवे स्टेशन के पास सड़क पार करने के दौरान महिला मोटरसाईकिल की चपेट मे आने से घायल हो गई. घायल होने के बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस के लिए फोन किया लेकिन, काफ़ी देर होने के बाद जब एम्बुलेंस नहीं आया तो थक हार कर घायल महिला के बेटे ने ठेला पर ही अपनी मां को बैठाकर दो किलोमीटर का सफर तय कर सदर अस्पताल पंहुचा.
समय पर इलाज होने पर फिलहाल महिला की स्तिथि खतरे से बाहर है और वह अस्पताल में ही भर्ती है. इस संबंध में जिले के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ कनेडी का कहना है कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है और ना ही कोई उनसे सम्पर्क किया है. उन्होंने कहा की एम्बुलेंस की कमी नहीं है.वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि 108 एम्बुलेंस को सूचना हुई होगी वह व्यस्त होगा इसलिए समय पर नहीं पंहुचा.