गढ़वा में बिना शादी के लौटी बारात : वरमाला हुआ, सात फेरे हुए, सिंदूरदान से इंकार की दुल्हन,मंडप पर बवाल
गढ़वा:जिले के रमना थाना क्षेत्र में एक अनोखी शादी टूटने का मामला सामने आया है. बारात लगी, वरमाला हुआ, मंगलसूत्र तक दुल्हन पहनी, लेकिन सिंदूरदान के समय आखिर ऐसा क्या हुआ कि दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. आप तस्वीरों में साफ देख सकते हैं किस तरह से दुल्हन शादी से इंकार कर रही. फिर क्या था मंडप पर खूब बवाल हुआ. जबकि, अन्य सभी रस्में खुशी-खुशी पूरी हुई. लेकिन, अंत में बारात को बिना शादी संपन्न हुए वापस लौटना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, एक शादी समारोह के दौरान उस समय अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गई. जब जयमाला एवं अन्य वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन ने सिंदूरदान के समय शादी करने से साफ इनकार कर दिया. घटना के बाद पूरी रात दोनों पक्षों के परिजन, ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि लड़की को समझाने में जुटे रहे, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही. यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार की रात बारात पूरे गाजे-बाजे के साथ बगोंधा टोला पहुंची. बारात के स्वागत के बाद जयमाला कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ. इसके बाद विवाह मंडप में पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की अन्य रस्में भी पूरी कराई गईं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सिंदूरदान की रस्म शुरू हुई और दूल्हे ने जब दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने लगा,तभी दुल्हन ने हाथ से सिंदूर हटाते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया. दुल्हन के इस फैसले से मंडप में अफरा-तफरी मच गई. दोनों पक्षों के परिजन एवं रिश्तेदार काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई.
घटना की सूचना मिलते ही गांव के कई ग्रामीण,स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विरंची पासवान एवं जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और लड़की को समझाने का प्रयास किया. पूरी रात पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा. इसके बावजूद लड़की अपने निर्णय पर अडिग रही. सुबह होने तक मामला शांत नहीं हुआ तो लड़के के पिता ने स्थानीय थाना को सूचना दी.
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी लड़की शादी के लिए तैयार नहीं हुई.