गढ़वा : नाबालिग लड़की का शव बरामद,दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
गढ़वा:जिले के रामकांडा पुलिस स्टेशन क्षेत्र अंतर्गत कसमार गांव में दिल दहला देने वाली घटना हुई है. गांव से करीब 700 मीटर की दूरी पर अरहर के खेत से एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह से लौट रही थी. वह 4 से 5 वर्ष के दो छोटे बच्चों के साथ घर जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह घर तक नहीं पहुंची. देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने काफी तलाश की. खोजबीन के दौरानपरिजनों व ग्रामीणों को अरहर के खेत से किशोरी का शव बरामद हुआ. शव के गले पर निशान पाए गए हैं. परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जतायी है.
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. आस-पास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और हर पहलू पर जांच जारी है.