गढ़वा : तालाब में मिला छात्रा का शव,किशोरी का गला घोंटकर हत्या की आशंका
गढ़वा:शहर के सुखबाना गांव मे उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने एक किशोरी के शव को तालाब में बरामद किया. बताया जा शव के गले में दुपट्टा कसकर लिपटा पाया गया है. आशंका जताई जा रही है कि किशोरी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. लड़की की पहचान मेराल थाना क्षेत्र के दलेली गांव निवासी खुशबू कुमारी (13 वर्ष) के रूप में हुई है. वह सुखबाना गांव में किराये के मकान में परिवार के साथ रहती थी.
पुलिसविभिन्न बिंदुओं पर कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का माना जा रहा है. आखिर विद्यालय से लौटने के बाद खुशबू कहां गई और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इस संबंध में पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है.
शालीग्राम अग्रवाल मध्य विद्यालय की छात्रा थीखुशबू
खुशबू कुमारी गढ़वा शहर स्थित शालीग्राम अग्रवाल मध्य विद्यालय की छात्रा थी. उसके पिता ने बताया कि गुरुवार को करीब साढ़े 11 बजे खुशबू विद्यालय से घर लौटी थी. उसने अपना बैग घर में रखा और उसके बाद कहीं चली गई. उस वक्त घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था. बाद में जब घरवाले पहुंचे तो बैग देखकर पता चला कि वह विद्यालय से वापस आई थी, लेकिन घर में नहीं थी. शाम तक उसके नहीं लौटने पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. बच्ची की तलाश को लेकर परिवार के लोग काफी परेशान रहे.
लापता होने के दो दिन बाद मिला शव
शनिवार की सुबह गांव के कुछ लोगों ने तालाब में एक शव को पानी में उतराते हुए देखा. सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान खुशबू के परिवारवाले भी वहां पहुंचे और शव की पहचान की. शव को बाहर निकाला गया तो उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ मिला.